Tuesday, June 14, 2022

Sky Watching रात्रि आकाश अवलोकन

Sky Watching रात्रि आकाश अवलोकन

टेलिस्कोप द्वारा रात्रि आकाश अवलोकन कैंप लगाया गया।

आभासी आकाश दर्शन कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। 

रादौर के वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप पार्क में सोसाइटी फॉर प्रमोशन ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी इन इंडिया, पंचकूला के तत्वाधान मे शनिवार शाम को 'खगोलीय दूरबीन को जानो' एवं 'रात्रि आकाश अवलोकन' कैंप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के परियोजना प्रबंधक महिपाल शर्मा ने बताया कि विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश के दौरान इस कैंप का उद्देश्य बच्चों, उनके अभिभावकों व आम जन में आकाशीय पिंडों को पहचानो, ज्ञान व खगोलीय रुचि उत्पन्न करना रहा। रात्रि आकाश अवलोकन में सोसायटी के परियोजना सहायकों निधि गौतम, अमन कुमार, हनीश कुमार, गुलशन कुमार व शीशपाल द्वारा पार्क में एक न्यूटानियन परावर्तक टाईप खगोलीय दूरबीन व एक अपवर्तक टाईप खगोलीय दूरबीन लगाई गई। इन दोनों टेलेस्कोप से पार्क में आए हुए बच्चों व आम जनो ने देर शाम 9:00 बजे तक विभिन्न तारों व चंद्रमा का अवलोकन किया। सोसायटी के परियोजना सहायकों ने सभी दर्शकों को खगोलीय पिंडों से संबंधित रोचक तथ्यों से भी अवगत कराया।

कार्यक्रम के समान्तर एक अन्य सत्र में सी वी रमन विपनेट विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक व विज्ञान संचारक दर्शन लाल बवेजा ने विभिन्न मोबाइल एप्स के जरिए प्रतिभागियों को आभासी आकाश अवलोकन करना सिखाया। बवेजा ने उपस्थित दर्शकों को चंद्रमा के बारे में विभिन्न रोचक तथ्य बताएं। प्रतिभागियों ने मौके पर ही अपने अपने मोबाइल में बवेजा द्वारा सुझाई गयी एप्प इंस्टाल करके शुक्र, मंगल, बुध, बृहस्पति ग्रहों, हब्बल टेलीस्कोप, अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन व विभिन्न तारामंडलों का आभासी अवलोकन किया। पार्क में उपस्थित सभी छोटे बड़ों के लिए यह कार्यक्रम बहुत ही रोचक व ज्ञानवर्धक रहा। कार्यक्रम के दौरान सभी मे टेलिस्कोप के प्रति उत्साह देखते ही बनता था। सोसाइटी फॉर प्रमोशन ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी इन इंडिया, पंचकूला के पदाधिकारियों ने बताया कि इस तरह के कर्यक्रम अन्य गाँवो के लिए भी प्रस्तावित हैं। 




द्वारा: दर्शन लाल बवेजा

यमुनानगर